best news portal development company in india

बगड़ी में आई माताजी पाट स्थापना व प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव हुआ आयोजित

SHARE:

सुमेरपुर(पाली)। सोजत विधानसभा क्षेत्र के बगड़ी नगर स्थित श्री आईमाता गौशाला परिसर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव से ओतप्रोत भव्य आयोजन के तहत श्री आई माताजी पाट स्थापना, श्री महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं भामाशाह सम्मान समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के देवस्थान, पशुपालन, गोपालन एवं डेयरी विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंत्री कुमावत ने परम पूज्य गुलजी महाराज की समाधि के पावन दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जिसमें आई माताजी के पाट की स्थापना एवं महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न करवाई गई। कार्यक्रम के दौरान गौशाला विकास में सहयोग देने वाले भामाशाहों का सम्मान भी किया गया। अतिथियों ने गौसेवा को समाज की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए सभी से इसमें सहयोग करने का आह्वान किया। अपने संबोधन में मंत्री कुमावत ने कहा कि आई माताजी एवं भगवान महादेव की कृपा से इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि गौशालाएं केवल पशु संरक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपराओं की जीवंत पहचान हैं। उन्होंने कहा, “राजस्थान सरकार गौसंवर्धन एवं गौशाला विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। गौसेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा है और इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।” मंत्री ने भामाशाहों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही ऐसे पुनीत कार्य संभव हो पाते हैं। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रसादी वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ। कार्यक्रम में सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, जिला महामंत्री दिगविजय सिंह, मंडल अध्यक्ष पूनम सिंह, चाड़वास के मंडल अध्यक्ष जगदीश सिंह राजपुरोहित, पूर्व मंडल अध्यक्ष भूपेंद्रपाल सिंह, पूर्व प्रधान पुख सिंह, जिला उपाध्यक्ष रूघाराम सेणचा, चैयरमैन प्रतिनिधि जुगल किशोर, मंदिर समिति के अध्यक्ष मोहनलाल सेणचा, आई माता गौशाला समिति के अध्यक्ष रतन फौजी, सचिव भंवरलाल सेणचा, पंचायत समिति सदस्य मंजीत सिंह, जिला उपाध्यक्ष नरपत सिंह सोलंकी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Jawai News live
Author: Jawai News live

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और देखें