सिरोही(पोसालिया)। जिले के पोसालिया कस्बे में कुम्हार कुमावत समाज द्वारा निर्मित नई धर्मशाला के शुभ मुहूर्त एवं लोकार्पण समारोह का भव्य आयोजन गुरुवार को किया गया। इस अवसर पर पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत तथा राज्य मंत्री ओटाराम देवासी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। अतिथियों का पारंपरिक तरीके से साफा व माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। धर्मशाला के निर्माण को समाज की एकता और सामाजिक सहयोग का प्रतीक बताते हुए अतिथियों ने इसकी सराहना की।
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने अपने संबोधन में कहा कि धर्मशालाएं केवल भवन नहीं होतीं, बल्कि समाज की संस्कृति, परंपरा और एकजुटता का प्रतीक होती हैं। उन्होंने कहा कि कुम्हार-कुमावत समाज ने आपसी सहयोग और समर्पण से इस धर्मशाला का निर्माण कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक भवन भविष्य में शिक्षा, सामाजिक कार्यक्रमों एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेंगे। राज्य सरकार समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। कुमावत ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा और कौशल विकास को प्राथमिकता दें, जिससे समाज और क्षेत्र का समग्र विकास संभव हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने भी समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धर्मशाला का निर्माण सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्य समाज को नई दिशा देने का काम करते हैं। कार्यक्रम के अंत में समाज के प्रतिनिधियों ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और धर्मशाला के सफल संचालन का संकल्प लिया। इस मौके पर परम पुज्य श्री श्री 1008 श्री गोविंद वल्लभदास महाराज श्रीपतिधाम नंदवन राजपुरा सिरोही, भाजपा जिला प्रतिनिधि, पाली भरत सिंह राजपुरोहित, सिरोही भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री अनिल प्रजापत, जिला कार्यकारिणी सदस्य पुखराज प्रजापत, समाजसेवी मशाराम कुमावत, शंकरलाल कुमावत, पुराराम कुमावत, मोहनलाल कुमावत, महेंद्र कुमावत सहित अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे।







