सुमेरपुर (पाली)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सुमेरपुर नगर इकाई द्वारा राजकीय महाविद्यालय सुमेरपुर में विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्राचार्य महोदय को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में महाविद्यालय में नियमित कक्षाएँ नहीं लगने, विभिन्न विषयों की प्रयोगशालाओं के अभाव, खेल सामग्री एवं खेल मैदान की खराब स्थिति, महाविद्यालय तक आने वाली सड़क की समस्या, परिसर में साफ-सफाई की कमी तथा शौचालयों में पानी एवं स्वच्छता व्यवस्था नहीं होने जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। शहर जिला समिति सदस्य युवराज सिंह बिरोलिया ने विद्यार्थियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलना आवश्यक है तथा इन समस्याओं का शीघ्र समाधान होना चाहिए। परिषद कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय प्रशासन से मांग की कि विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्यवाही जल्द से जल्द की जाए।
इस दौरान इकाई अध्यक्ष राकेश हीरागर, राकेश कुमार, पारस कुमार, हसमुख कुमार एवं अमृत कुमार उपस्थित रहे। परिषद कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य महोदय को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।







