श्री डुंगलाई मामाधणी जैसे पवित्र धार्मिक स्थल हमारे समाज की आस्था और संस्कृति के मजबूत स्तंभ
सुमेरपुर(पाली)। श्री मामाधणी डुंगलाई की वर्षगांठ के पावन अवसर पर श्री डुंगलाई मामाजी सेवा समिति द्वारा एक विशाल और भव्य धर्मसभा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत उपस्थित रहे। मंत्री कुमावत ने दीप प्रज्वलित कर सभा की शुरुआत की और वहां उपस्थित विशाल जनसमुदाय को संबोधित किया। उन्होंने अपने प्रेरणादायी भाषण में धार्मिक आस्था, समाज सुधार और सरकारी योजनाओं पर विशेष जोर दिया। कुमावत ने कहा कि “श्री मामाधणी डुंगलाई जैसे पवित्र धार्मिक स्थल हमारे समाज की आस्था और संस्कृति के मजबूत स्तंभ हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, सद्भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।

सुमेरपुर स्थित श्री मामाधणी डुंगलाई तीर्थ स्थल पर वार्षिक उत्सव के तहत विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समिति के पदाधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री कुमावत का साफा पहनाकर, स्मृति चिह्न भेंटकर और माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर नगरपालिका के पूर्व चैयरमैन अनोप सिंह राठौड़, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, मामाधणी मंदिर के धनराज भोपाजी, श्री डूंगलाई मामाजी सेवा समिति के अध्यक्ष मोतीलाल वैष्णव, अमृत परिहार समाजसेवी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता मांगीलाल, साण्डेराव मण्डल के पूर्व महामंत्री अमर सिंह हिंगोला, सुमेरपुर के नगर मण्डल अध्यक्ष रविकांत रावल, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र माली, नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष चतुर्भुज शर्मा सहित अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे।




