best news portal development company in india

बिजली-पानी की समस्या पर मंत्री जोराराम कुमावत सख्त,  अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

SHARE:

सुमेरपुर(पाली)। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत ने आज शनिवार को नगरपालिका सभाकक्ष में विभिन्न प्रशासनिक विभागों के आला अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में मुख्य रूप से क्षेत्र की बिजली और पेयजल समस्याओं पर चर्चा की गई। जिस पर मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक के दौरान क्षेत्र में हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर मंत्री कुमावत ने विद्युत निगम के अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाली बिजली कटौती से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए ढीले तार कसने, पेड़ों की कटाई-छंटाई करवाने तथा आरडीएसएस स्कीम के तहत नए ट्रांसफार्मर लगाने के कड़े निर्देश दिए।कुमावत ने कहा कि पिछले दिनों आए तूफान के कारण बड़ी संख्या में बिजली के खंभे टूट जाने से आपूर्ति बाधित हो गई थी। पेड़ों व तूफान के कारण बाधित आपूर्ति को बहाल करने के लिए विधानसभा क्षेत्र के सुमेरपुर, साण्डेराव व तख्तगढ उपखंड में 11 केवी व एलटी के कुल 136 खंबे टूट गए थे, इनमें से अधिकतर नए खंबे लगाकर आपूर्ति को सुचारू कर दिया गया है। जल्द ही शेष कार्य पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके साथ ही, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए हर क्षेत्र में समुचित और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

मानसून सत्र को लेकर आपातकालीन टीमें गठित करने के निर्देश

आगामी मानसून सीजन के मद्देनजर मंत्री कुमावत ने संभावित जलभराव और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए अभी से तैयारियां शुरू करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे विशेष टीमों का गठन करें, जो मानसून के दौरान किसी भी विपरीत परिस्थिति या आपदा से निपटने के लिए चौबीसों घंटे सतर्क रहें।

स्ट्रीट वेंडर्स को बांटे चेक, हुआ ‘ग्रीन वेलकम’

बैठक के दौरान सामाजिक कल्याण की योजनाओं की प्रगति भी जांची गई। मंत्री कुमावत ने ‘पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि’ (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत् 10 स्थानीय रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों और लाभार्थियों को ऋण सहायता के चेक वितरित किए, ताकि वे अपने व्यवसाय को मजबूत कर सकें। इससे पूर्व, नगरपालिका सभाकक्ष पहुंचने पर अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा मंत्री जोराराम कुमावत का पौधा भेंट कर ‘ग्रीन वेलकम’ (पर्यावरण अनुकूल स्वागत) किया गया।

इस बैठक में पाली प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, जिला उपाध्यक्ष पुनम सिंह परमार, उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार, नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी नरपत सिंह, निवर्तमान चैयरमैन ललित रांकावत, पूर्व चैयरमैन फूलाराम सुथार, सुमेरपुर नगर मण्डल अध्यक्ष रविकांत रावल, पूर्व मण्डल अध्यक्ष महेंद्र माली, बांकली मण्डल अध्यक्ष हनुवंत सिंह, तख्तगढ नगरपालिका के निवर्तमान उपाध्यक्ष मनोज नामा, तख्तगढ मण्डल के उपाध्यक्ष रामसिंह, चाणोद जिला परिषद के पूर्व सदस्य प्रतिनिधि महिराज सिंह, सांडेराव मण्डल के महामंत्री मुकेश मोदी, भाजपा कार्यकर्ता मनीष सोलंकी सहित विद्युत विभाग, जलदाय विभाग और नगरपालिका के अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Jawai News live
Author: Jawai News live

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और देखें