सुमेरपुर (पाली)। उपखंड क्षेत्र के साण्डेराव कस्बे में विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” तथा “एक पेड़ मां के नाम” मुहिम के अंतर्गत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ओम शांति आश्रम के तत्वावधान में आयोजित इस पुनीत कार्य में साण्डेराव की विभिन्न सरकारी संस्थाओं, धार्मिक स्थलों और प्रशासन ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
सच्ची सेवा पर्यावरण को बचाना: कंचन बहन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओम शांति आश्रम की कंचन बहन ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण को बचाना सबसे बड़ी मानवीय सेवा है। कंचन बहन ने सभी से अपील की कि वे देश के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी संतान की तरह देखभाल करें। इस दौरान उमा बहन ने भी उपस्थित लोगों को पर्यावरण को शुद्ध और हरा-भरा बनाने का संकल्प दिलाया। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्साइस महा-अभियान के तहत् साण्डेराव पुलिस थाना परिसर में थाना अधिकारी श्याम शराज चारण के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने पौधे रोपित किए। वहीं साण्डेराव ग्राम पंचायत परिसर में ग्राम सेवक जगदीश सुथार व अन्य जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेकर पौधारोपण किया। इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) साण्डेराव, प्रसिद्ध श्री अंबिका माता मंदिर और श्री दुदेली माता मंदिर परिसर में भी फलदार व छायादार पौधे रोपित किए गए।
चिकित्सकों और प्रबुद्ध जनों ने निभाई भागीदारी
कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ डॉ. मोहन लाल चौधरी और डॉ. नीतीश शर्मा ने पर्यावरण को मानव स्वास्थ्य के लिए अनिवार्य बताया। इस अवसर पर मेल नर्स हंसमुख सेन, छोगाराम , गटुबाई, आश्रम के महेन्द्र भाई, महावीर भाई, पुलिस थाने का स्टाफ, ग्राम पंचायत कर्मी और आश्रम के अनेक सेवाधारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर विभिन्न परिसरों में पौधे रोपे तथा उनके बड़े होने तक नियमित सिंचन व सुरक्षा की जिम्मेदारी ली।






