सुमेरपुर(पाली)। क्षेत्र की जनता को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में शनिवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। इसी के तहत् गुंदोज में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के नए भवन का शिलान्यास पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आधारशिला रखी। उन्होंने कहा, “यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और जीवन की सुरक्षा का संकल्प है। हमारी प्राथमिकता अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है”। कुमावत ने कहा कि इस अत्याधुनिक भवन का निर्माण 5.75 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुमावत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा बीते दो वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, अधोसंरचना के विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए महत्वपूर्ण कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के बनने से आस-पास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल या बड़े शहरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि भवन का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा ताकि चिकित्सा सेवाएं शुरू की जा सकें। नए भवन में 30 बिस्तरों की क्षमता होगी, जिसमें आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, एक्स-रे यूनिट और ओपीडी ब्लॉक शामिल होंगे।
कार्यक्रम में पाली प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, सांसद प्रतिनिधि डीआर चौधरी, पूर्व उप जिला प्रमुख नवल किशोर रावल, किसान केसरी भंवर चौधरी, डेंडा सरपंच प्रतिनिधि उम्मेद सिंह, कुरना सरपंच लाभूराम देवासी, मणिहारी सरपंच भैंरू सिंह, पूर्व जिलामंत्री मांगीलाल सीरवी, पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगलाराम प्रजापत, गुंदोज मंडल के पूर्व महामंत्री यशवंत सैन, मंडल महामंत्री कूपाराम सीरवी, भंवर डाबर, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि रमेश कुमार मेघवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष खौड़ हुकम सिंह खरौकड़ा, गुंदोज सरपंच दिनेश बंजारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







