सुमेरपुर (पाली)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस राज्य स्तरीय रूप से 25 जनवरी 2026 को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में मनाया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल राजस्थान मुख्य अतिथि तथा राज्य निर्वाचन आयुक्त व मुख्य सचिव राजस्थान सरकार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। राज्य स्तरीय समारोह में निर्वाचन विभाग द्वारा निर्धारित मापदंडों के आधार पर गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र सुमेरपुर-121 के भाग संख्या 238 के बीएलओ सुमेरसिंह, अध्यापक लेवल-2, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुडिया का चयन राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए किया गया है। सुमेरसिंह को गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 में श्रेष्ठ कार्य के लिए 25 जनवरी को आयोजित राज्य स्तरीय मतदाता दिवस समारोह में माननीय राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा।







