शिवगंज (सिरोही)। शहर के छावणी क्षेत्र स्थित सदर बाजार में गजानन मंदिर जीर्णोद्धार एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के द्वितीय पाटोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से भरपूर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गजानन मंदिर कमेटी के तत्वावधान में हुए एकदिवसीय आयोजन में सुबह से देर शाम तक भक्तिमय वातावरण बना रहा। सुबह ध्वजा लाभार्थी परिवार द्वारा ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-झूमते हुए मंदिर परिसर पहुंचकर भगवान गणपति के मंदिर शिखर पर ध्वजा चढ़ाई गई। ध्वजा अर्पण के साथ ही गणपति बप्पा के जयकारों से पूरा मंदिर क्षेत्र गूंज उठा।

इस अवसर पर मंदिर कमेटी ने आजीवन ध्वजा लाभार्थी परिवार का साफा-दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया। इसके पश्चात विधिवत महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बाद में अग्रवाल धर्मशाला परिसर में आयोजित भोजन प्रसादी में सैकड़ों लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। दोपहर 3 बजे महिला मंडल द्वारा मंदिर परिसर में भाव-ब्यावरा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो लगभग तीन घंटे तक चला। भगवान गणपति की वंदना से शुरू हुए इस कार्यक्रम में महिलाओं ने मधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं, वहीं भक्ति रस में झूमती महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यक्रम के अंत में कमेटी की ओर से सभी महिलाओं को पारितोषिक स्वरूप उपहार भेंट किए गए।

आयोजन को सफल बनाने में अर्जुन अग्रवाल, हरे कृष्णा सोनी, अशोक अग्रवाल, दीपक शर्मा, कैलाश सोनी, बनवारी लाल, प्रकाश चंद्र, मनीष सिंहल, विनोद अग्रवाल, संजय, सुरेंद्र, सूर्य प्रकाश, लोकेश, महावीर सोनी, शिवा सोनी, महेंद्र सिंहल, कमलेश, प्रवीण सहित कमेटी के सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।







