सुमेरपुर (पाली)। राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 200 विधानसभा क्षेत्रों में राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए शुरू हुए विकास रथ गुरुवार को सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के कई गावों मे पहुँचे । इन विकास रथों की अगुवानी स्थानीय विधायक व पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने की। उन्होने बताया की शुक्रवार को गांव पावा, बसंत,खिमाडा, कोसेलाव में विकास रथ के पहुंचने पर ग्रामीणों ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह रथ नगरीय क्षेत्रों के साथ दूरस्थ गांवों तक जाकर राज्य सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं और जन कल्याणकारी नीतियों को आमजन तक पहुंचा रहे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने गत दो वर्षों में ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनकी जानकारी यह रथ आमजन तक पहुंचा रहे हैं। इन रथों पर एक सुझाव पेटिका भी लगाई गई है। जिसमें आम नागरिक ‘विकसित राजस्थान’ के लिए अपने सुझाव डाल रहे हैं। इन सुझावों को अगले बजट में समाहित किया जाएगा। ग्राम पंचायत खिमाडा में विकास रथ का स्वागत जिला अध्यक्ष सुनील भण्डारी, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार , देवीलाल जिला उपाध्यक्ष विकास यात्रा के जिला संयोजक दिनेश सिंह राजपुरोहित ने किया। मेघाराम परमार ढोला सरपंच, रतन देवासी मंडल अध्यक्ष, महिपाल सिंह जोधा, सुमेरसिंह, भगवत सिंह, हनुमान भाटी सरपंच, बलवंत परिहार, जब्बर सिंह , नारायण सिंह, इन्दरसिंह राठौड़ , महावीर सिंह , भगवतसिंह राठौड़ ग्रामीणों ने विकास रथों का स्वागत किया।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत कोसेलाव में आयोजित विकास रथ कार्यक्रम का अवलोकन कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने किया। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों को पेंशन, बीमा एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन एवं समस्याओं के समाधान की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। कुमावत ने कहा कि पशुपालकों को पशु बीमा योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल रहा है तथा उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने बीते दो वर्षों में अनेक युवाओं को सरकारी नौकरियाँ प्रदान की हैं तथा विभिन्न ग्रामों में व्यापक विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि सरकार की यह निरंतर कोशिश है कि विकास की योजनाएँ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।







