best news portal development company in india

मंत्री जोराराम कुमावत ने ली महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक, आमजन की मूलभूत सुविधाओं को लेकर त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को जारी किए कड़े दिशा-निर्देश

SHARE:

सुमेरपुर(पाली)। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने आज गुरुवार को सुमेरपुर नगरपालिका परिसर में विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री कुमावत ने आमजन की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को बेहद गंभीरता से लिया और उनके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश

मंत्री जोराराम कुमावत ने आमजन को राहत पहुंचाने के लिए शहर में जलापूर्ति को पूरी तरह सुचारू बनाने और हर घर तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीडब्लयूडी के अधिकारियों को शहर की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल रख-रखाव और मरम्मत कार्य शुरू करने को कहा। नगर पालिका क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तुरंत दुरुस्त करने के आदेश दिए।

मानसून को लेकर विशेष सतर्कता : फोगिंग के आदेश

मानसून सत्र के मद्देनजर मंत्री कुमावत ने मौसमी बीमारियों को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने क्षेत्र में मच्छरों के पनपने से होने वाले संभावित रोगों (जैसे डेंगू, मलेरिया) की रोकथाम के लिए पूरे सुमेरपुर शहर में नियमित रूप से फोगिंग करवाने के सख्त निर्देश नगर पालिका प्रशासन को दिए। समीक्षा बैठक में मानसून के दौरान आमजन को राहत देने और शहरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मंत्री कुमावत ने कहा- शहर के सभी प्रमुख नालों की नियमित सफाई की जाए। ‘कचरा पॉइंट्स’ से समय पर कचरा उठाया जाए और घर-घर कचरा संग्रहण (डूर-टू-डोर कलेक्शन) व्यवस्था को शत-प्रतिशत प्रभावी बनाया जाए। कुमावत ने कहा कि बारिश के दौरान किसी भी क्षेत्र में पानी का भराव न होने पाए। इसके लिए जल निकासी के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और सीवरेज लाइनों की निरंतर सफाई सुनिश्चित की जाए। कुमावत ने कहा कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई और टूटी सड़कों की तुरंत पहचान कर उनकी युद्धस्तर पर मरम्मत (पैच वर्क) कराई जाए ताकि आवागमन सुगम हो सके। उन्होंने कहा-सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों में सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा जाए। मंत्री ने कहा कि सफाई और विकास कार्यों की पारदर्शिता तथा निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से डिजिटल मॉनिटरिंग (कंट्रोल रूम द्वारा निगरानी) को मजबूत किया जाए। मंत्री कुमावत ने अधिकारियों को हिदायत दी कि सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए ताकि धरातल पर परिणाम नजर आएं।

शहरी सेवा शिविर का अवलोकन 

बैठक के पश्चात कैबिनेट मंत्री ने नगरपालिका परिसर में ही संचालित हो रहे ‘शहरी सेवा शिविर’ का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं को देखा और अधिकारियों को सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मंत्री के हाथों विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को निम्नलिखित लाभ और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष अनोप सिंह, एसडीएम कालूराम कुम्हार, ईओ नरपतसिंह राजपुरोहित, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष चतुर्भुज शर्मा, नगर मण्डल अध्यक्ष रविकांत रावल, पूर्व मण्डल अध्यक्ष महेंद्र माली, मांगीलाल सुथार, पशुधन प्रकोष्ठ के जिला संयोजक लालाराम देवासी, साण्डेराव मण्डल के महामंत्री मुकेश मोदी, पूर्व पार्षद पर्बत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Jawai News live
Author: Jawai News live

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और देखें