कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत बोलें -12 गांवों की प्यास बुझाएगी नई योजना, ग्रामीणों को मिलेगा आधुनिक सभा भवन और बेहतर सुविधाओं का लाभ
सुमेरपुर(पाली)। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कीरवा में ग्रामीण विकास और जन-सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं। मंत्री कुमावत ने यहां विधायक कोष से नवनिर्मित सार्वजनिक सभा भवन का विधि-विधान से लोकार्पण किया। इसके साथ ही, क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने बजट घोषणा 2025-26 के तहत् ₹2,120.75 लाख की भारी-भरकम राशि के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस परियोजना के अंतर्गत जेतपुरा तालाब से कीरवा तक 1.5 एमएलडी क्षमता का आधुनिक फिल्टर प्लांट बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र के 12 गांवों में पेयजल संवर्धन सुनिश्चित होगा। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने सुप्रसिद्ध मामाजी महाराज के मंदिर पहुंचकर पावन दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा समस्त प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य एवं कल्याण की मंगलकामना की।
समारोह में संबोधित करते हुए मंत्री कुमावत ने कहा: हमारी सरकार ‘अंत्योदय’ के संकल्प के साथ गांव, गरीब और किसान के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आज कीरवा ग्राम पंचायत में विधायक कोष से बने इस सार्वजनिक सभा भवन के समर्पित होने से ग्रामीणों को सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक बेहतरीन स्थान मिलेगा। कुमावत ने कहा कि पानी जीवन की सबसे बुनियादी जरूरत है। सुमेरपुर क्षेत्र के गांवों में शुद्ध पेयजल पहुंचाना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। मुझे बेहद खुशी है कि बजट घोषणा 2025-26 के तहत स्वीकृत ₹2,120.75 लाख की इस महत्वाकांक्षी पेयजल योजना का आज शिलान्यास हुआ है। जेतपुरा तालाब से कीरवा तक बनने वाला यह 1.5 एमएलडी क्षमता का फिल्टर प्लांट और पेयजल संवर्धन कार्य आने वाले समय में 12 गांवों की प्यास बुझाएगा। अब हमारी माताओं-बहनों को पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इस मौके पर पीएचईडी, पाली के अधिशाषी अभियंता कान सिंह, पूर्व मण्डल अध्यक्ष, खौड़ हुकम सिंह राजपुरोहित, कीरवा के प्रशासक प्रतिनिधि मगराज सीरवी, रानी तहसीलदार अम्बाराम बोसिया, प्रशासक लाभूराम देवासी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता गंगा सिंह माहिचा, गुंदोज मण्डल के महामंत्री कूपाराम चौधरी, कीरवा की प्रशासक घीसी देवी सहित अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे।


