best news portal development company in india

गांव की चौखट पर शिक्षा का उत्सव, सिन्दरली को मिला आधुनिक स्कूल भवन

SHARE:

भामाशाहों के सहयोग और सरकार के प्रयासों से साकार हुआ सपना, कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत बोले— ‘यही भवन बच्चों के सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव बनेगा’

बाली। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने बाली विधानसभा क्षेत्र के सिन्दरली ग्राम स्थित जगीबाई उदाजी चौधरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन का भव्य लोकार्पण किया। इस गरिमामयी समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत द्वारा रिबन काटकर और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों ने मंत्री कुमावत का साफा पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर पारंपरिक रूप से भव्य स्वागत किया। भामाशाह परिवार के सहयोग और सरकारी प्रयासों से तैयार हुए इस आधुनिक स्कूल भवन में विद्यार्थियों के लिए बेहतरीन कमरों और बुनियादी सुविधाओं का विकास किया गया है।

समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कुमावत ने शिक्षा और ग्रामीण विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि “किसी भी समाज या क्षेत्र का विकास तब तक अधूरा है, जब तक वहां के बच्चे शिक्षित न हों। यह नवनिर्मित भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं है, बल्कि सिन्दरली और आस-पास के गांवों के बच्चों के सुनहरे भविष्य की नींव है।” कुमावत ने कहा “श्रीमती जगीबाई उदाजी चौधरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के इस भवन निर्माण में सहयोग देने वाले दानदाताओं और भामाशाहों का योगदान वंदनीय है। शिक्षा के क्षेत्र में किया गया दान कभी व्यर्थ नहीं जाता, यह आने वाली कई पीढ़ियों को रोशन करता है। उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए हम हर संभव संसाधन उपलब्ध कराने को संकल्पित हैं।

इस गरिमामयी आयोजन में सूरजकुण्ड से संत अवधेश ब्रह्मचारी, धणी से संत केसाराम महाराज, किदूसर से संत करुणाकरण महाराज, दातीवास से संत नरेश नाथ, लोहरा भाखर से संत देवाराम महाराज, भादरास से संत दशरथ दास महाराज एवं डुढारिया से संत राघवदास महाराज की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में पाली सांसद पी.पी. चौधरी, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत, भाजपा जिला अध्यक्ष पाली सुनील भंडारी, पूर्व जिला अध्यक्ष मंशाराम, पूर्व मंत्री अचलाराम मेघवाल, पूर्व प्रदेश मंत्री नरेश, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा सहित गणमान्य जन उपस्थित रहे।

Jawai News live
Author: Jawai News live

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और देखें