साण्डेराव(पाली)। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत् आज सांडेराव और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। क्षेत्र के सभी पोलियो बूथों पर सुबह से ही माता-पिता अपने नौनिहालों को दवा पिलाने के लिए पहुंचने लगे। सांडेराव क्षेत्र में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए चिकित्सा विभाग और स्थानीय स्वयंसेवकों ने पूरी ताकत झोंक दी।
प्रभारियों और कार्यकर्ताओं ने संभाली कमान
साण्डेराव क्षेत्र में अभियान को सफल बनाने के लिए पोलियो प्रभारी डॉ. नितेश शर्मा, डॉ. मोहनलाल चौधरी, महावीर मेवाड़ा और हंसमुख परमार के संयुक्त नेतृत्व में विशेष रणनीति तैयार की गई। इन प्रभारियों ने स्वयं प्रत्येक बूथ क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं की कमान संभाली। अभियान में स्थानीय आशा सहयोगिनी, आशा सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। टीमों ने न सिर्फ बूथों पर मुस्तैदी दिखाई, बल्कि ढाणियों और दूर-दराज के मजरों में जाकर भी बच्चों को सुरक्षा चक्र की खुराक पिलाई।
ब्लॉक स्तर पर 29,005 बच्चों को सुरक्षा कवच
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोविन्द सिंह चुण्डावत ने बताया कि सांडेराव सहित पूरे सुमेरपुर ब्लॉक में अभियान के पहले ही दिन कुल 29,005 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाई गई है। डॉ. चुण्डावत ने सांडेराव क्षेत्र में ग्राउंड स्तर पर कार्य कर रही टीमों की सराहना करते हुए कहा कि फ्रंटलाइन वर्कर्स की इस कड़ी मेहनत की बदौलत ही देश को पोलियो मुक्त बनाए रखा जा सकता है।
सांडेराव वासियों से अपील: कल घरों पर आने वाली टीमों का करें सहयोग
सांडेराव पोलियो प्रभारियों ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि सोमवार से शुरू हो रहे ‘घर-घर दस्तक अभियान’ के दौरान यदि कोई बच्चा रविवार को दवा पीने से छूट गया है, तो उसे अवश्य दवा पिलवाएं। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया है कि वे सर्वे के लिए आने वाली स्वास्थ्य टीमों को सही जानकारी देकर पूरा सहयोग प्रदान करें।







