बछड़े की हत्या मामले में आक्रोश बरकरार, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की तैयारी तेज
शिवगंज(सिरोही)। शहर में बछड़े का कटा सिर मिलने के बाद मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। घटना को लेकर आमजन, गौभक्तों और सर्व हिंदू समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। उपखंड प्रशासन की कार्यशैली और कथित लापरवाही को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। मामले में पशु चिकित्सा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर को एपीओ करने के साथ दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को निलंबित किया गया है, लेकिन इसके बावजूद मुख्य आरोपियों के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है। आरोप है कि संदिग्ध तत्व खुलेआम घूम रहे हैं और प्रशासन सख्ती बरतने में विफल नजर आ रहा है।
इधर क्षेत्र में लगातार सामने आ रही गौहत्या की घटनाओं से भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर संदेश तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे जनाक्रोश और अधिक उभरकर सामने आ रहा है। हत्यारों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर अब आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसी क्रम में सर्व हिंदू समाज द्वारा 1 मई को रात 9 बजे गोल बिल्डिंग में अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगामी रणनीति तय की जाएगी।




