पहली बार 8 अप्रैल को जिला क्रिकेट संघ पाली से संबद्ध समर क्रिकेट कैंप का आयोजन
सुमेरपुर(पाली)। क्षेत्र की क्रिकेट प्रतिभाओं को नया मंच प्रदान करने के उद्देश्य से एलीट स्पोर्ट्स अकादमी, सुमेरपुर में पहली बार जिला क्रिकेट संघ (DCA), पाली से संबद्ध समर क्रिकेट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस कैंप में अंडर-14, अंडर-16 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कैंप खिलाड़ियों को बेसिक से एडवांस स्तर तक क्रिकेट प्रशिक्षण, मैच प्रैक्टिस, फिटनेस एवं कौशल विकास का अवसर प्रदान करेगा। इससे क्षेत्र के ग्रामीण प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर प्लेटफॉर्म मिलेगा। कैंप का शुभारंभ 8 अप्रैल को शाम 5 बजे राजस्थान क्रिकेट के पूर्व एडहॉक सदस्य एवं जिला क्रिकेट संघ पाली के सदस्य धर्मवीर सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। एलीट स्पोर्ट्स अकादमी के संस्थापक देवेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि अकादमी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने क्षेत्र के खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है।







