best news portal development company in india

11 महीने 18 दिन की सेवा के बाद तहसीलदार आशुराम नायक को भावभीनी विदाई, जनसेवक की कार्यशैली को किया याद

SHARE:

तहसील परिसर से लेकर कुंदन होटल तक सम्मान समारोह, वक्ताओं ने कहा— फिर शिवगंज में एसडीएम बनकर लौटें आशुराम नायक

शिवगंज(सिरोही)। शिवगंज तहसीलदार आशुराम नायक के स्थानांतरण पर शनिवार को तहसील परिसर एवं शहर के पुराने राजमार्ग स्थित कुंदन होटल में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने माला एवं साफा पहनाकर उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आशुराम नायक ने अपने 11 महीने 18 दिन के कार्यकाल में अधिकारी नहीं, बल्कि एक जनसेवक की तरह कार्य किया। उन्होंने आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहे। वक्ताओं ने उनके सरल, मिलनसार एवं सहज व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि शहर हो या ग्रामीण क्षेत्र, किसी भी छोटी-बड़ी घटना या प्रशासनिक आवश्यकता पर वे सबसे पहले मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते थे। उल्लेखनीय है कि आशुराम नायक आबूरोड से अपनी पहली पदस्थापना पर शिवगंज तहसीलदार के रूप में आए थे।

10 जुलाई को जारी स्थानांतरण सूची में उनका तबादला जयपुर विकास प्राधिकरण में किया गया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने करीब डेढ़ महीने तक शिवगंज उपखंड अधिकारी (एसडीएम) एवं नगर पालिका प्रशासक का अतिरिक्त दायित्व भी संभाला। वर्ष 2025 में ग्रामीण सेवा शिविरों में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें जिला कलक्टर द्वारा जिला स्तर पर सम्मानित किया गया था। वहीं वर्ष 2026 में भी एसआईआर, ग्रामीण सेवा शिविर सहित विभिन्न प्रशासनिक कार्यों का सफलतापूर्वक एवं जिम्मेदारी के साथ संचालन किया। समारोह में वक्ताओं ने यह भी कहा कि शिवगंज की जनता आशुराम नायक की कार्यशैली को लंबे समय तक याद रखेगी और भविष्य में वे पुनः शिवगंज में उपखंड अधिकारी के रूप में सेवाएं दें, यही सभी की अपेक्षा है। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक पुष्पेंद्र वर्मा, कार्यवाहक विकास अधिकारी मोहनलाल, नायब तहसीलदार कैलाश नगर, विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष ताराराम कुमावत, भाजपा पोसालिया ग्रामीण मंडल अध्यक्ष प्रताप परमार, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाशराज मीणा, समाजसेवी गंगाराम गोयल, लक्ष्मण परिहार, प्रकाश कुमावत सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे।

Jawai News live
Author: Jawai News live

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और देखें