सुमेरपुर (पाली)। राज्य सरकार एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार विटामिन ए अनुपूरण कार्यक्रम के 50वें राउंड का शुभारम्भ आज उपखण्ड अधिकारी कालूराम कुम्हार द्वारा बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाकर किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जनसुनवाई स्थल पावा में किया गया, जहां उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी कालूराम कुम्हार ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य किसी भी समाज की सबसे बड़ी पूंजी है तथा विटामिन ए की खुराक बच्चों को कुपोषण एवं विभिन्न बीमारियों से बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी आंगनबाड़ी केन्द्र एवं स्वास्थ्य संस्थानों पर ले जाकर विटामिन ए की दवा अवश्य पिलाएं।
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोविन्द सिंह चुण्डावत ने बताया कि विटामिन ए बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, आंखों की रोशनी बनाए रखने तथा गंभीर बीमारियों से बचाव में सहायक होता है। उन्होंने बताया कि यह अभियान निर्धारित अवधि तक क्षेत्र के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों पर चलाया जाएगा, जिसमें 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी।
ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी प्रमोद कुमार गिरी ने जन सुनवाई मे आये हुए अभिभावकों को बच्चों के पोषण, स्वच्छता एवं नियमित टीकाकरण के प्रति भी जागरूक किया। ब्लॉक कार्यक्रम अधिकारी ने बताया की 29 मई सें 29 जून तक विटामिन ए की खुराक आंगनवाड़ी केंद्र हॉस्पिटल मे पिलाया जायेगा इस अभियान मे उपखण्ड क्षेत्र के तेइस हजार बच्चों को दवा पिलाई जाएगी चिकित्सा अधिकारी डॉ परमवीर सिंह ने आमजन से अपील की कि वे इस जनहितकारी अभियान में सहयोग कर अपने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए विटामिन ए की खुराक अवश्य दिलवाएं। इस अवसर पर नर्सिंग ऑफिसर दामोदर प्रसाद वीरेंद्र चौधरी उत्तम सेन रणछोड़ कुमार प्रवीण मौर्या मंजू मीणा कन्हैया कुमार सहित चिकित्सा विभाग के कार्मिक उपस्थिति रहे।




