best news portal development company in india

बलाना से मेवाड़ा का सियासी संदेश: “मनरेगा ने गांव संवारे, अब विकास की रफ्तार थमी”

SHARE:

स्नेह मिलन समारोह में पूर्व प्रधान हरिशंकर मेवाड़ा ने गिनाईं कांग्रेस सरकार की योजनाओं की उपलब्धियां, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

सुमेरपुर(पाली)। उपखंड क्षेत्र के बलाना गांव स्थित चामुंडा माताजी मंदिर परिसर में आज रविवार को स्नेह मिलन समारोह का आयोजन सुमेरपुर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे एवं पूर्व प्रधान हरिशंकर मेवाड़ा के सानिध्य में हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्रामीणाें द्वारा मेवाड़ा सहित अतिथियों का माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए हरिशंकर मेवाड़ा ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का कार्य किया है। गांवों में जरूरतमंद परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिला, जिससे पलायन में कमी आई। मनरेगा के माध्यम से तालाब, एनीकट, चारागाह विकास, ग्रामीण सड़कें, जल संरक्षण और अन्य स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण हुआ, जिसका लाभ आज भी ग्रामीणों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं था, बल्कि गांवों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना भी था। इससे किसानों, पशुपालकों और श्रमिक वर्ग को सीधा लाभ मिला तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ीं। मेवाड़ा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि आमजन बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। कांग्रेस हमेशा किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और गरीब वर्ग के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा, बलाना प्रशासक शंभुराम मीणा, मंडल अध्यक्ष मूलसिंह बलाना, सेवादल के लक्ष्मण खिमाड़ा, इंदाराम कोसेलाव, माताजी उपासक नारायण मीणा, पेमाराम खिमाड़ा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Jawai News live
Author: Jawai News live

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और देखें