सुमेरपुर (पाली)। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत् उपखंड स्तरीय वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम जनजाति छात्रावास में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पशुपालन एवं डेयरी, गोपालन और देवस्थान विभाग कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत द्वारा पौधा रोपन कर किया गया। कार्यक्रम में नीम, पीपल, शीशम, बरगद, अमलतास तथा अन्य छायादार व औषधीय पौधे रोपे गए। पालिका प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि रोपे गए सभी पौधों की उचित देखरेख हो, जिसके लिए ट्री-गार्ड लगाने के साथ-साथ नियमित जल आपूर्ति और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

मंत्री कुमावत द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित नागरिको को सम्बोधित करते हुए शहरवासियों से अपील की गई है कि वे इस मानसून सत्र में पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता निभाएं और अपने घर के आसपास कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी एवं जन-जन से जुड़े अभियान हरियालो राजस्थान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण को बढ़ावा देने और पारिस्थितिक संतुलन को मजबूत करने के उद्देश्य से नगर पालिका सुमेरपुर द्वारा जनजाति छात्रावास में 1000 पौधे रोपन किया जाना है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों और अधिकारियों ने रोपे गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।

इस कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी, गोपालन और देवस्थान विभाग कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार, अधिषाशी अधिकारी नरपतसिंह राजपुरोहित, BDO शैलेन्द्र जोशी, BCMO गोविंद सिंह, सहायक अभियंता लोकेश पाटीदार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनमसिंह परमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष रजिकांत रावल व हडमतसिंह, अनूपसिंह राठौड, शिवराज सिंह, सुमेरसिंह, फूलाराम सुथार सहित पालिका के अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।


