best news portal development company in india

शिकायतों के बाद जागा विभाग: चंदावाव स्कूल और ग्राम पंचायत को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग का निर्माण कार्य शुरू

SHARE:

सुमेरपुर (पाली)। सांडेराव कस्बे के चंदावाव राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और ग्राम पंचायत भवन को आपस में जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की जर्जर हालत से परेशान ग्रामीणों की मेहनत आखिरकार रंग लाई है। स्थानीय ग्रामीणों द्वारा विभिन्न स्तरों पर बार-बार की गई शिकायतों और प्रशासनिक चक्कर काटने के बाद विभाग ने सुध लेते हुए सड़क निर्माण का कार्य आधिकारिक तौर पर शुरू करवा दिया है। कार्य शुरू होने से विद्यार्थियों, ग्रामीणों और सरकारी कार्य से आने-जाने वाले लोगों ने बड़ी राहत की सांस ली है।

कीचड़ और गड्ढों के कारण स्कूल आने-जाने में हो रही थी भारी परेशानी

गौरतलब है कि यह मार्ग केवल ग्रामीणों के आवागमन के लिए ही नहीं बल्कि शिक्षा और प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने और मामूली बारिश में भी पानी भरने के कारण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, ग्राम पंचायत भवन में अपने जरूरी सरकारी काम करवाने के लिए आने वाले बुजुर्गों और महिलाओं को भी इस बदहाल रास्ते से होकर गुजरना पड़ता था। जिससे आए दिन लोग चोटिल होते थे।

ग्रामीणों ने की गुणवत्तापूर्ण कार्य की मांग

सड़क का काम शुरू होने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में किसी भी तरह की घटिया सामग्री का उपयोग न हो। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चंदेश्वर महादेव स्कूल और पंचायत मार्ग होने के कारण इस सड़क को पूरी मजबूती और सही ढलान के साथ बनाया जाए ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या न हो।

सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की पुरजोर मांग, बड़े वाहनों के कारण लगता है जाम

सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही ग्रामीणों और वाहन चालकों ने इस मुख्य मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, ग्राम पंचायत और चंदेश्वर महादेव क्षेत्र होने के कारण इस मार्ग पर दिनभर यातायात का भारी दबाव रहता है। वर्तमान सड़क काफी संकरी है, जिससे दो बड़े वाहनों के आमने-सामने आने पर हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है और लंबा जाम लग जाता है। स्थानीय निवासी जयदेवसिंह राणावत, विनोद सुथार, विक्रम मेवाड़ा, दिलीपसिंह हवेली ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) व ठेकेदारों के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि भविष्य की आबादी और यातायात को देखते हुए सड़क को मानक चौड़ाई के अनुरूप चौड़ा किया जाए, ताकि स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को सुरक्षित रास्ता मिल सके।

Jawai News live
Author: Jawai News live

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और देखें