सुमेरपुर (पाली)। जवाई वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के तत्वावधान में भारत के चार प्रमुख विषैले साँपों की पहचान एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से तैयार किए गए विशेष पोस्टर का विमोचन उपखंड अधिकारी कालूराम कुम्हार द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्थान के सदस्यों में कृष्णपाल पारंगी, दिलीप कुमार मारु, नरेश वैष्णव, प्रवीण सिंह राठौड़, जगदीश परिहार एवं गट्टू कीर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस पोस्टर का उद्देश्य आमजन को भारत के चार प्रमुख विषैले साँपों की सही पहचान, उनके बारे में वैज्ञानिक जानकारी तथा सर्पदंश से बचाव के प्रति जागरूक करना है, ताकि साँपों से जुड़े भ्रम दूर हों और मानव–वन्यजीव सह-अस्तित्व को बढ़ावा मिल सके।इस अवसर पर एसडीएम कालूराम कुम्हार ने संस्था के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में सही जानकारी और जागरूकता ही सर्पदंश जैसी घटनाओं में जनहानि को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और इन्हें अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाया जाना चाहिए। पोस्टर में भारत के चार प्रमुख विषैले साँपों की पहचान, सर्पदंश की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियाँ, “क्या करें” एवं “क्या न करें” जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ सरल एवं सहज भाषा में दी गई हैं, जिससे आमजन को सही मार्गदर्शन मिल सके। संस्थान के सदस्यों ने बताया कि यह जागरूकता अभियान विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर प्रदर्शित कर चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक वैज्ञानिक एवं प्रमाणिक जानकारी पहुँचाई जा सके।अंत में संस्था ने आमजन से अपील की कि किसी भी साँप को देखकर घबराएँ नहीं, उसे नुकसान पहुँचाने का प्रयास न करें तथा आवश्यकता होने पर वन विभाग अथवा संबंधित रेस्क्यू दल से संपर्क करें। सही जानकारी, समय पर प्राथमिक उपचार और शीघ्र चिकित्सा ही सर्पदंश से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
जवाई वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के तत्वावधान में भारत के चार प्रमुख विषैले साँपों पर आधारित जागरूकता पोस्टर का हुआ विमोचन
Jawai News live
FOLLOW US:
SHARE:


