best news portal development company in india

सीड बॉल क्रांति की शुरुआत: एक लाख सीड बॉल से जंगलों को मिलेगा नया जीवन

SHARE:

सुमेरपुर(पाली)। एक व्यक्ति–एक पौधा मिशन राजस्थान के अंतर्गत “घर का बीज, जंगल पहुँचाओ” महाअभियान के तहत् राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पावा में सीड बॉल निर्माण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रीन आर्मी मैन एवं पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत अपनी टीम के साथ विद्यालय पहुँचे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य हरीश चंद्र जोशी ने ओमप्रकाश कुमावत, सीए चेतन अरोड़ा तथा पन्नालाल वेराजेतपुरा का स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान सीए चेतन अरोड़ा ने विद्यार्थियों को योग एवं ध्यान का अभ्यास करवाते हुए स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच का संदेश दिया। इसके पश्चात पर्यावरण प्रेमी ओमप्रकाश कुमावत ने विद्यार्थियों को सीड बॉल बनाने की वैज्ञानिक एवं तकनीकी विधि का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि घरों में खाए जाने वाले देशी फलों के बीजों को फेंकने के बजाय मिट्टी, खाद और रेत से सीड बॉल बनाकर जंगलों, पहाड़ियों और बंजर भूमि पर पहुँचाया जाए, ताकि आने वाले वर्षों में ये बीज विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें। उन्होंने कहा कि “आज का एक बीज, आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का आधार बन सकता है।”

प्रधानाचार्य हरीश चंद्र जोशी ने विद्यालय परिवार की ओर से आगामी पाँच वर्षों में एक लाख सीड बॉल तैयार करने का ऐतिहासिक संकल्प लिया। साथ ही घोषणा की कि वर्तमान वर्ष में 20 हजार सीड बॉल बनाकर एक व्यक्ति–एक पौधा मिशन राजस्थान को सौंपे जाएंगे। इस घोषणा से विद्यार्थियों और शिक्षकों में विशेष उत्साह का वातावरण बन गया।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 12 के छात्र देवेंद्र कुमार ने व्यक्तिगत रूप से 5 हजार सीड बॉल बनाने का संकल्प लिया। उनके इस प्रेरणादायी संकल्प पर ग्रीन आर्मी मैन ओमप्रकाश कुमावत एवं उनकी टीम द्वारा सम्मानित किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के बीच सीड बॉल बनाने की मानो होड़ लग गई और सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।

अंत में मिशन की ओर से कांतिलाल सुथार एवं समस्त विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर व्याख्याता पूजा, अरविन्द सिंह, राजू भारद्वाज, श्रवणराम, पंकज गेहलोत, प्रताप सिंह, हेमंत शर्मा, विनय शर्मा, दिनेश शर्मा, कांतिलाल सुथार,नारायण लाल, पोमाराम, मनीष गुर्जर, सुभाष, भगाराम सहित शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अनेक पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।

Jawai News live
Author: Jawai News live

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और देखें