पावा पहुंचकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने लिया घटनास्थल का जायजा, चांदी के छत्र व मुकुट चोरी से ग्रामीणों में रोष; कानून-व्यवस्था पर उठें सवाल
सुमेरपुर (पाली)। सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के पावा गांव स्थित प्राचीन पावेश्वर महादेव मंदिर में गत 8 जुलाई की देर रात्रि लाखाें के भगवान के चांदी के छत्र और मुकुट चोरी होने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। घटना के कई दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली रहने से कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा आज़ शनिवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के साथ मंदिर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया गया। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर घटना की जानकारी ली तथा पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मंदिर परिसर में मौजूद ग्रामीणों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि चोरी की वारदात के बाद से गांव में आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि धार्मिक आस्था के केंद्र बने मंदिर में चोरी की घटना ने सभी को आहत किया है। घटना के बाद भी अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लगने से लोगों में पुलिस कार्रवाई को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है।

हरिशंकर मेवाड़ा ने कहा कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा विषय है। यदि पुलिस समय रहते आरोपियों तक नहीं पहुंचती है तो लोगों का कानून व्यवस्था पर से भरोसा कमजोर होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जल्द खुलासा करने की मांग की।
आपराधिक घटनाओं से आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही-मेवाड़ा
मेवाड़ा ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने स्थानीय विधायक एवं पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत से भी मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नेपाल सिंह पावा, सरपंच संघ अध्यक्ष सुमेर सिंह मनवार, जिला उपाध्यक्ष करण सिंह मेड़तिया, कांग्रेस के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


