best news portal development company in india

बजरंग दल द्वारा सेवा बस्ती में निःशुल्क चिकित्सा शिविर हुआ आयोजित, 75 जरूरतमंदों का स्वास्थ्य परीक्षण

SHARE:

स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार : बिरोलिया

सुमेरपुर (पाली)। विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल द्वारा सेवा कार्यों की श्रृंखला के अंतर्गत जाखा नगर सेवा बस्ती में शुक्रवार को निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद 75 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री एडवोकेट शैतानसिंह बिरोलिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर बजरंग दल के जिला संयोजक श्रीपाल सिंह देवड़ा ने बताया कि संगठन का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सेवा पहुँचाना है। इसी भावना के साथ जाखा नगर सेवा बस्ती में चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया, जिससे जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

मुख्य अतिथि एडवोकेट शैतानसिंह बिरोलिया ने अपने संबोधन में कहा कि “विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल का उद्देश्य केवल शिविर का आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाना है। सेवा बस्ती में आयोजित यह चिकित्सा शिविर ‘सेवा ही संगठन’ और ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के भाव को साकार करने का एक विनम्र प्रयास है। स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र का आधार है और इसी संकल्प के साथ हम सभी इस सेवा कार्य में सहभागी बने हैं।”

उन्होंने कहा कि सेवा, संस्कार और संगठन के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचकर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करना विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की प्राथमिकता है। ऐसे सेवा प्रकल्प समाज में सामाजिक समरसता, आत्मीयता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करते हैं। चिकित्सा शिविर में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक चिकित्सा दल ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। इस दौरान पीएमओ डॉ. महिपाल सिंह परमार, लैब सहायक भंवरलाल, डॉ. ऋतुराज सिंह बालोत, नर्सिंग ऑफिसर हितेश कुमार, फार्मासिस्ट कैलाश कुमार, एएनएम पूजा चौधरी तथा सपोर्ट स्टाफ रोहिणी कुमारी ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया।

शिविर के दौरान लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष झूमरलाल गर्ग, जिला सहमंत्री डूंगाराम प्रजापत खिंवाड़ी, जिला संयोजक श्रीपालसिंह देवड़ा,जिला सहसंयोजक विक्रांत सिंह राजपुरोहित, नगर अध्यक्ष बाबूलाल सुथार, कालूराम मारू सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Jawai News live
Author: Jawai News live

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
और देखें