सुमेरपुर (पाली)। जवाई नदी तट पर स्थित रिवरफ्रंट पर आज रविवार प्रातःकाल आयोजित एक दिवसीय योग कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सुमेरपुर-शिवगंज एवं आस-पास के क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों, युवाओं, व्यापारी वर्ग एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक सागर रामिणा ने स्वास्थ्य जागरूकता के कुछ प्रमुख कॉन्सेप्ट प्रस्तुत किए गए। अल्कलाइन वॉटर का महत्व प्रतिभागियों को खीरा, नींबू, पुदीना, हरी मिर्च, धनिया एवं अदरक से तैयार अल्कलाइन वॉटर के लाभ बताए गए। इससे पाचन सुधार, शरीर संतुलन एवं ऊर्जा वृद्धि के बारे में जानकारी दी गई। पंचकोश की अवधारणा: योग दर्शन के अनुसार अन्नमय, प्राणमय, मनोमय, विज्ञानमय एवं आनंदमय कोश की जानकारी चित्र सहित समझाई गई, जिससे समग्र स्वास्थ्य की समझ विकसित हुई। ऋतुचर्या एवं दिनचर्या: आयुर्वेदिक जीवनशैली, दैनिक दिनचर्या तथा आयुर्वेदिक स्नान पद्धति के महत्व को सरल भाषा में बताया गया। क्रीड़ा योग (Yogic Games): क्रीड़ा योग के माध्यम से प्रतिभागियों में नई ऊर्जा, उत्साह एवं आपसी जुड़ाव की भावना विकसित हुई।कार्यक्रम का मूल उद्देश्य केवल योगाभ्यास नहीं, बल्कि “एक व्यक्ति के मन को दूसरे व्यक्ति के मन से जोड़ना” था। वर्तमान समय की भागदौड़, शोर-प्रदूषण एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में ऐसे कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। कार्यक्रम संयोजक योग प्रशिक्षक सागर रामिणा ने कहा कि वे राजीव दीक्षित जी के स्वदेशी विचारों और भारतीय परंपरागत ज्ञान से प्रेरित होकर भारत को उसकी अपनी मान्यताओं, आयुर्वेदिक जीवनशैली एवं सांस्कृतिक मूल्यों के आधार पर पुनः सशक्त बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ, जागरूक एवं संगठित समाज निर्माण का संकल्प लिया।






