best news portal development company in india

कांग्रेस पार्टी हमेशा मजदूर, किसान और गरीब वर्ग के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी- मेवाड़ा

SHARE:

मनरेगा बचाओ अभियान के तहत ग्रामीण मंडलों में कांग्रेस ने की सभाएं, रोजगार पर असर को लेकर जताई चिंता

सुमेरपुर(पाली)। कांग्रेस की ओर से सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र में मनरेगा बचाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज शनिवार को कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा, पीसीसी प्रभारी मकसूद अहमद एवं ब्लॉक अध्यक्ष गणेशमल चौधरी के सानिध्य में विभिन्न ग्रामीण मंडलों में सभाओं का आयोजन किया गया। सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला कार्यकर्ता एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभाओं को संबोधित करते हुए हरिशंकर मेवाड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना में किए गए बदलावों और इसके नाम में परिवर्तन से ग्रामीण रोजगार व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों के लिए रोजगार की मजबूत गारंटी था, लेकिन अब कार्य के दिनों में कटौती, भुगतान में देरी और कार्य स्वीकृति में कठिनाइयों के कारण ग्रामीणों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। मेवाड़ा ने कहा कि मनरेगा जैसी योजना से जुड़ा हर बदलाव सीधे गरीब और मजदूर वर्ग की रोजी-रोटी को प्रभावित करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण गांवों में बेरोजगारी बढ़ रही है और पलायन की स्थिति बन रही है। कांग्रेस का यह अभियान ग्रामीणों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बचाने के लिए चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा मजदूर, किसान और गरीब वर्ग के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

पीसीसी प्रभारी मकसूद अहमद ने कहा कि मनरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यदि इसमें लगातार कटौती और बदलाव किए गए तो इसका सीधा असर गांवों के गरीब परिवारों पर पड़ेगा। सभाओं में ग्रामीणों से संवाद करते हुए कांग्रेस नेताओं ने मनरेगा के तहत रोजगार सुनिश्चित करने, समय पर भुगतान और पर्याप्त कार्य उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इस दौरान ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष हरिप्रसाद मीणा, जेठूसिंह, मुकेश बरोलिया, ललित बामनिया, इंदर सिंह निंबाड़ा, नारायणलाल, प्रमोद बरोलिया, दुर्गाराम, जैसाराम बारूपाल, शैतान कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, युवा कार्यकर्ता एवं महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

Jawai News live
Author: Jawai News live

Leave a Comment