पाली। 10वें डिफेंस फोर्सेज वेटरन्स दिवस के अवसर पर केंद्रीय सैनिक बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा देश के तीन उत्कृष्ट जिला सैनिक बोर्डों का चयन किया गया। जिसमें जिला सैनिक बोर्ड पाली को सम्मानित किया गया है। वेटरन्स दिवस के अवसर पर जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में देश के तीन सर्वश्रेष्ठ जिला सैनिक बोर्डों का चयन किया गया, जिनमें जिला सैनिक बोर्ड पाली राजस्थान, जिला सैनिक बोर्ड नैनीताल उत्तराखंड एवं जिला सैनिक बोर्ड आज़मगढ़ उत्तर प्रदेश शामिल हैं। इस अवसर पर आयोजित वेटरन्स दिवस समारोह में थलसेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी द्वारा चयनित जिला सैनिक बोर्डों को सम्मानित किया गया। जिला सैनिक बोर्ड पाली की ओर से यह सम्मान कार्यालय के सेवानिवृत्त कर्नल गजेंद्र सिंह राठौड़ को प्रदान किया गया। यह सम्मान जिला सैनिक बोर्ड पाली द्वारा भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण, पुनर्वास एवं विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया है।







