कैबिनेट मंत्री कुमावत व सांसद चौधरी के प्रयासों से मिली रेल सौगात
सुमेरपुर (पाली)। भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वेरावल-गांधीनगर केपिटल-दौलतपुर चौक एक्सप्रेस रेलसेवा को जवाई बांध रेलवे स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया गया है। यह सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पशुपालन केबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने आज बुधवार को जवाई रेलवे स्टेशन से गाड़ी संख्या 19411/19412 वेरावल-गांधीनगर केपिटल-दौलतपुर चौक सोमनाथ एक्सप्रेस रेलसेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही ट्रेन के पायलट व लोको-पायलट का स्वागत भी किया गया। इस अवसर पर डीआरयूसीसी सदस्य पूनाराम भायल व श्याम अग्रवाल, जैडआरयूसीसी सदस्य विनोद पारख, मण्डल अध्यक्ष रविकांत, सहायक डीआर चौधरी, पूनम सिंह परमार, रमेश बोहरा व महेंद्र माली, सीनियर डीआरएम, अजमेर कैप्टन मीहिरदेव, एसडीएम कालूराम कुम्हार सहित रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री, रेल मंत्री व सांसद का आभार
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि जवाई रेलवे स्टेशन पर इस महत्वपूर्ण रेलसेवा के ठहराव से सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र सहित जवाई बांध के यात्रियों, व्यापारियों एवं पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा। विशेष रूप से यह ट्रेन व्यापार, रोजगार और आवागमन की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। कुमावत ने इस सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव व पाली सांसद पीपी चौधरी का क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में देशभर में रेल सेवाओं का अभूतपूर्व विकास हो रहा है। वहीं सांसद के प्रयासों से पाली जिले को रेलवे सहित अनेक विकास कार्यों की सौगात मिली है। आधुनिक रेल नेटवर्क, नई ट्रेनों की शुरुआत, स्टेशनों का उन्नयन और यात्री सुविधाओं में निरंतर विस्तार इसका प्रमाण है।

दस वर्ष में जवाई बांध स्टेशन पर हुए अभूतपूर्व विकास कार्य -कुमावत
कैबिनेट मंत्री कुमावत ने कहा कि सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अनेक महत्वपूर्ण रेल एवं विकास परियोजनाओं की सौगातें मिली हैं, जिससे आमजन की वर्षों पुरानी अपेक्षाएं पूरी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में कुल आठ रेलगाड़ियों का ठहराव सुनिश्चित हुआ है। इसके अलावा जवाई बांध पर 1 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से दो लिफ्ट लगाई जा रही हैं। इसके साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 6.29 करोड़ रुपए की लागत से अनेक विकास कार्य प्रगतिरत हैं। वहीं, इस स्टेशन पर केंद्र सरकार की ओर से कई और कार्य करवाकर रेल यात्रियों के लिए सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। कुमावत ने दोहराया कि सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य हो रहा है। मंत्री कुमावत ने विश्वास व्यक्त किया कि यह रेल ठहराव भविष्य में स्थायी रूप लेगा और क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं पर्यटन विकास को नई गति प्रदान करेगा। इस दौरान ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित होने व स्टेशन पर विकास कार्य करवाने पर जवाई बांध रिक्शा युनियन ने मंत्री जोराराम कुमावत का आभार जताया।







