सुमेरपुर। उत्तर गुजरात– महात्मा लुइस ब्रेल की जयंती के अवसर पर उत्तर गुजरात दिव्यांग कल्याण संघ विसनगर द्वारा आयोजित दो दिवसीय नेत्रहीन क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार समापन हुआ। इस टूर्नामेंट ने दिव्यांग खिलाड़ियों के हौसले को एक नई दिशा दी और समावेशी खेलों के प्रति समाज की सोच को जागरूक किया। इस टूर्नामेंट में चार प्रमुख टीमों गुजरात के पाटण, मेहसाणा, उत्तर गुजरात विकलांग-1 और उत्तर गुजरात विकलांग-2 ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला मेहसाणा और उत्तर गुजरात विकलांग-1 के बीच हुआ, जिसमें मेहसाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला जीतकर चैंपियन का खिताब हासिल किया। मुख्य अतिथि पंकज राज मेवाड़ा ने चैम्पियन ट्रॉफी प्रदान की इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का शुभारंभ देवतुल्य चित्र पर माल्यार्पण करके किया गया व आयोजक द्वारा अतिथियों का स्वागत गुलदस्ता देकर व दुपट्टा पहनाकर किया, मुख्य अतिथि के रूप में नवभारत सेवा चेरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष पंकज राज मेवाड़ा ने टूर्नामेंट के विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपी साथ ही वे बौर्ड ऑफ डिसेबल क्रिकेट एसोसिएशन इंडिया के चेयरमेन, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी शाखा-सुमेरपूर के अध्यक्ष और तारा संस्थान उदयपुर के पाली और सिरोही जिला अध्यक्ष भी हैं। इस अवसर पर उंझा विधायक किरीट भाई पटेल, उमिया माताजी संस्था के मंत्री जयंती भाई पटेल, जॉइंट सेक्रेटरी बसंत भाई पटेल और एनएबी मेहसाणा जिला शाखा विसनगर के पूर्व शिक्षक कादर भाई मंसूरी भी उपस्थित रहे।

अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों का सम्मान टूर्नामेंट के समापन पर विभिन्न पुरस्कारों का वितरण कर किया गया, जिसमें ‘मैन ऑफ द मैच’, ‘बेस्ट बॉलर’, ‘बेस्ट बैट्समैन’, ‘बेस्ट फील्डर’, ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के अलावा खिलाड़ियों को कैश पुरस्कार के साथ सभी खिलाड़ियों को भेंट स्वरूप कम्बल भी प्रदान कि गयी। इस पहल से यह संदेश गया कि खेलों के माध्यम से न केवल शारीरिक क्षमताओं को परखा जाता है, बल्कि मनोबल को भी मजबूत किया जाता है, खासकर जब खेल दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए हो।
समाज में जागरूकता का संदेश
यह टूर्नामेंट महज एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रति समाज की सोच को बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से ना केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि यह समाज में समानता और समावेशन की भावना को भी प्रोत्साहित करता है।
आयोजकों का योगदान
उत्तर गुजरात संस्था के अध्यक्ष अशोक भाई के. पटेल और मानद मंत्री कु. सुरेखाबेन एस. पटेल ने इस आयोजन में पधारने के लिए अतिथियों को विशेष धन्यवाद दिया। मुख्य अतिथि मेवाड़ा ने अपने उद्धबोधन में कहा कि महात्मा श्री लुइस ब्रेल की जयंती पर इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य दिव्यांग समुदाय को समाज के मुख्यधारा में लाना और उन्हें खेलों के माध्यम से भी सशक्त बनाना है। इस टूर्नामेंट ने एक बार फिर साबित कर दिया कि खेल किसी भी प्रकार की शारीरिक चुनौती को पार करने का सबसे बेहतरीन जरिया हो सकते हैं, और इसने दिव्यांग खिलाड़ियों के भीतर नयी उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार किया है।







