सुमेरपुर (पाली)। नवभारत सेवा चेरिटेबल ट्रस्ट एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से शहर में रात्रि गश्त पर तैनात पुलिस एवं होमगार्ड जवानों के लिए अनोखा सेवा कार्य किया गया। कड़ाके की सर्दी में, जब अधिकांश लोग घरों में आराम कर रहे होते हैं, तब उस समय ड्यूटी निभा रहे जवानों को चाय-बिस्किट का नाश्ता करवाकर सर्दी से राहत दी गई। संस्था अध्यक्ष व संस्थापक पंकज राज मेवाड़ा ने बताया कि सर्दियों में आमजन जहां घरों में सुरक्षित रहता है, वहीं पुलिस व होमगार्ड जवान रातभर कड़ाके कि सर्दी में शहर की सुरक्षा में मुस्तैदी से लगे रहते हैं। इसी भावना के साथ जवानों को सर्द रात्रि को देखते हुए गर्म चाय पिलाई गई और बिस्किट वितरित किए गए।

सेवा कार्य से जवानों में उत्साह देखने को मिला। जवानों ने कहा कि वे रातभर नगर की सुरक्षा में ड्यूटी करते हैं, लेकिन आज तक ड्यूटी के दौरान किसी ने पानी तक नहीं पूछा। संस्था द्वारा इस सर्द रात में चाय-बिस्किट देना उनके लिए यादगार पल है, जो उन्हें अपने कर्तव्य के प्रति और अधिक उत्साह व सजगता से काम करने की प्रेरणा देगा। इस दौरान होमगार्ड जवानों ने अपनी पीड़ा भी साझा की। उन्होंने बताया कि पुलिस वाहन के गश्त पर आने के समय वे अपने निर्धारित क्षेत्रों में गलियों में मौजूद रहते हैं और सर्दी, गर्मी और बारिश हर मौसम में वे पूरी निष्ठा से अपना फर्ज निभा रहे हैं। सेवा कार्य में प्रियंका मेवाड़ा ने भी सहयोग प्रदान किया।







