सुमेरपुर(पाल) सुमेरपुर रेल विकास सेवा संस्थान की कार्यकारिणी बैठक अध्यक्ष पोपटलाल जैन की अध्यक्षता में आदर्श कॉलोनी स्थित निजी गोविंदा हाऊस में सम्पन्न हुई। संस्थान सहसचिव अशोक आर गहलोत ने बताया कि जवाई बांध स्टेशन का नाम परिवर्तित कर सुमेरपुर-जवाई बांध रखने के समिति के प्रयासों को बल प्रदान करने में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत का प्रयास सराहनीय रहा। आपने गृह मंत्रालय राजस्थान सरकार से नाम परिवर्तन फाईल को रेल मंत्रालय तक पहुँचाने में सांसद पीपी चौधरी का अहम् योगदान रहा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल विभाग को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देश जारी किये। संस्थान सभी का हार्दिक आभार प्रकट करता है। ज्ञातव्य हो कि जवाई बांध के साथ सुमेरपुर नाम जुडने से इस क्षेत्र के विकास व रेलवे सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। अध्यक्ष पोपटलाल जैन ने जवाई बांध स्टेशन पर द्रुतगामी रेलों के ठहराव व ‘गरीब रथ’ गाड़ी के आगामी ठहराव के लिए किये जा रहे प्रयासों को रेल मंत्रालय में अनुशंषा करने पर पाली सांसद पी० पी० चौधरी को धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि सुमेरपुर-शिवगंज शहर व आस-पास के गांवों की आम जनता को शीघ्र ही गरीब रथ रेल का लाभ मिलेगा। वर्तमान समिति कार्यकाल में गाडी संख्या 20495-96, हडपसर-जोधपुर एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 20475-76 बीकानेर मीरज एक्सप्रेस , एवं साबरमती-हरिद्वार स्पेशल, बैंगलोर-जोधपुर स्पेशल, बांद्रा-जोधपुर स्पेशल ट्रेनों का जवाईबाँध स्टेशन पर ठहराव पाली सांसद के प्रयासों से संभव हुआ। सुमेरपुर क्षेत्र में किये जा रहे कार्यों में सांसद का भरपूर सहयोग जनता को मिलता रहेगा। जिससे सुमेरपुर का भविष्य और भी उज्ज्वल होगा।
संस्थान कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए जैन ने कहा कि वे सोशियल मीडिया में नकारात्मक टिप्पणियों से बचे व रेल विकास संस्थान द्वारा क्षेत्र के विकास में अपनी अहम भूमिका निभाएं।
बैठक में कार्यकारिणी में फेरबदल करने व नये सक्रिय, उत्सुक सदस्यों को जोडने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। आगामी बैठक में इस विषय पर मंथन किया जाकर संस्थान हित में निर्णय लिए जायेंगे।
बैठक में कोषाध्यक्ष राजेश जोशी, उप सचिव गिरीश जानी,मधुसूदन अग्रवाल, मीठालाल रांका, गिरीश राठी, प्रकाश भीनमाला, गजराज जैन, प्रकाश अग्रवाल (मयूर), गोविंद राठौड़, नैनमल सोनी, कैलाश सैन,झूमर लाल गर्ग उपस्थित रहे।







